35 साल पुराना विवाद सुलझा : सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे और विधायक राजेश मोरे के प्रयासों से मिली बड़ी सफलता
कल्याण । ठाणे , नवी मुंबई और कल्याण – डोंबिवली को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कल्याण शिलफाटा रोड के चौड़ीकरण का रास्ता अब साफ़ हो गया है , महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित स्थानीय भूमिपुत्रों और जमीन मालिकों को ₹138.45 करोड़ का मुआवज़ा देने का निर्णय लिया है , गौरतलब है कि करीब 35 वर्षों से लंबित मुआवज़े के मुद्दे के सुलझने से जमीन अधिग्रहण को लेकर बना गतिरोध खत्म होने की उम्मीद है , इससे सड़क का रुका हुआ काम दोबारा गति पकड़ सकेगा और कल्याण – शिलफाटा मार्ग पर रोज़ाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लाखों वाहन चालकों को राहत मिलने की संभावना है ।
बता दे कि इस पूरे मामले में कल्याण लोकसभा सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों के साथ लगातार बैठकें कर प्रभावित जमीन मालिकों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए वहीं कल्याण ग्रामीण विधायक राजेश मोरे ने भी प्रशासनिक स्तर पर मामले का लगातार फॉलो – अप किया ।
35 साल से मुआवज़े का इंतज़ार
कल्याण – शिलफाटा रोड को छह लेन बनाने और कंक्रीट सड़क में विकसित करने का काम MSRDC द्वारा किया जा रहा है हालांकि सड़क परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवज़ा नहीं मिलने के कारण कई स्थानीय जमीन मालिकों और किसानों ने निर्माण कार्य का विरोध किया था , कुछ स्थानों पर जमीन अधिग्रहण का विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क निर्माण का काम प्रभावित हुआ इसके चलते कटाई नाका पलावा चौक और शिलफाटा जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में ट्रैफिक की समस्या और गंभीर हो गई थी ।
भूमिपुत्रों को बड़ी राहत
सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे और विधायक राजेश मोरे के लगातार प्रयासों के बाद प्रशासन ने प्रभावित जमीन मालिकों के लिए ₹138.45 करोड़ के मुआवज़े को मंजूरी दी है ।
मंगलवार को सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में MSRDC के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गायकवाड़ ने जमीन मालिकों को मुआवज़े से संबंधित पत्र सौंपे , इस दौरान प्रभावित जमीन मालिकों में संतोष और खुशी का माहौल देखने को मिला , कार्यक्रम में MMRDA कमिश्नर संजय मुखर्जी , जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल , पूर्व MNS विधायक राजू पाटिल, मेयर हर्षदा चौधरी , गोपाल लांडगे सहित संबंधित अधिकारी और जमीन मालिक मौजूद रहे ।
सड़क चौड़ीकरण से ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
मुआवज़े का विवाद सुलझने के बाद कल्याण – शिलफाटा रोड पर रुके हुए छह लेन चौड़ीकरण और कंक्रीटीकरण के काम में तेजी आने की उम्मीद है , परियोजना पूरी होने के बाद कल्याण , डोंबिवली , अंबरनाथ और बदलापुर से ठाणे , नवी मुंबई और मुंबई की ओर जाने वाले लाखों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिल सकती है , इससे यात्रा का समय और ईंधन दोनों की बचत होने की उम्मीद है ।
इसके साथ ही मेट्रो- 12 और मेट्रो – 12A कॉरिडोर से जुड़े कार्यों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की संभावना है , 35 साल से लंबित मुआवज़े के विवाद का समाधान न सिर्फ स्थानीय भूमिपुत्रों के लिए बड़ी राहत है, बल्कि कल्याण – शिलफाटा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था के लिए भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है ।