उज्जैन, मध्यप्रदेश । राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन दिल्ली द्वारा मध्यप्रदेश के उज्जैन में भव्य अधिवेशन का आयोजन किया गया अधिवेशन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संगठन के पदाधिकारी समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की , अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता ने समाज की प्रगति और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति की नींव शिक्षा पर टिकी होती है इसलिए समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए ।
सत्यनारायण गुप्ता ने समाजबंधुओं से आह्वान करते हुए कहा कि, “हम सभी को सबसे पहले अपने बच्चों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने पर ध्यान देना चाहिए बच्चों को शिक्षित करने के बाद ही अन्य कार्यों के बारे में सोचना चाहिए ।” उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्ति और समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे मजबूत आधार है यदि समाज की नई पीढ़ी शिक्षित और जागरूक होगी तो वह न केवल अपने परिवार का भविष्य बेहतर बनाएगी बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी उन्होंने आगे कहा कि शिक्षित बच्चे ही एक सशक्त , जागरूक और बेहतर समाज के निर्माण की नींव रखते हैं इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए और आर्थिक परिस्थितियां चाहे जैसी हों बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देनी चाहिए ।
समाज की एकता और उत्थान पर भी हुआ मंथन
अधिवेशन के दौरान समाज की एकता , शिक्षा , सामाजिक उत्थान , संगठन की मजबूती और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य को लेकर भी विस्तृत विचार – विमर्श किया गया उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया , कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने “शिक्षित समाज, सशक्त समाज” के संदेश को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को शिक्षा के माध्यम से मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया , उज्जैन में आयोजित यह अधिवेशन समाज की एकता और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया ।